Bijnor Express

मिशन शक्ति- महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से नहटौर में आयोजित किया गया कार्यक्रम

▪️महिलाओं को भी पुरूष की बराबरी का दर्जा दिया गया है, और संविधान में भी महिलाओं हेतु कानून मौजूद है- एसपी पूर्वी ओमवीर सिंह!

बिजनौर के नहटौर में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओ के सम्मान व सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें स्वावलम्बी बनाने हेतु शुरू किये गए मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओ व बालिकाओ को जागरूक करने का प्रयास निरंतर जारी है। इस प्रयास के तहत विभिन्न जगहो पर चौपाल लगाकर महिलाओं को जागरुक किया जा रहा है

इसी क्रम में नगर के नहटौर नूरपुर मार्ग स्थित जय फार्म हाउस में एक कार्यक्रम दक्ष हॉस्पिटल के तत्वाधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक पूर्वी ओमवीर सिंह व विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी धामपुर अजय अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य व विशिष्ट अतिथि द्वारा माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम के शुभारंभ के उपरांत मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ओमवीर सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि नारी सम्मान के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है और इन प्रयासों के चलते महिलाओ में जागरूकता भी आयी है।

उन्होंने कहा की समाज में महिलाओ को भी पुरुष की तरह ही बराबरी का दर्जा दिया गया है और संविधान में भी महिलाओं हेतु कानून मौजूद है, मगर इस सबके बाद भी महिला जो सम्मान पाने की हकदार है उसे वही सम्मान पुरुष वर्ग को भी देना होगा और ऐसा करने पर ही समाज में पुरुष व महिला को सम्मान मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि नारी जिसे आदि शक्ति का रूप माना जाता है बिना सृष्टि की परिकल्पना भी नहीं की जा सकती और इस कारण नारी को हमेशा से समाज में उच्च श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने महिलाओ को उनकी सुरक्षा के लिए जारी विभिन्न माध्यमों की जानकारी देने के साथ ही यातायात से सम्बंधित सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आपके परिवार का कोई भी पुरुष जब दो पहिया वाहन लेकर बाहर जाये तो उसे हेलमेट का सही प्रयोग करने हेतु निर्देशित अवश्य करे। उन्होंने महिलाओ को विभिन्न उदाहरण देकर बताया कि किस प्रकार वे अपनी सुरक्षा कर सकती है और विपरीत परिस्तिथियों में हेल्पलाइन नंबरो के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकती है।

क्षेत्राधिकारी धामपुर अजय कुमार अग्रवाल ने अपने सम्बोधन में उपस्थित महिलाओ को सरकार द्वारा जारी किये गए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरो की विस्तृत रूप से जानकरी दी। उन्होंने उपस्थित महिलाओ को बताया कि सरकार महिलाओ के प्रति हो रहे अपराधों की रोकथाम हेतु निरंतर प्रयासरत है और अब इन हेल्पलाइन नंबरो को जारी कर सरकार ने प्रशासन व आपके मध्य की दूरी कम करने का प्रयास किया है।

उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1076, 112, 102 व 108 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि किस स्थिति में कौन से नंबर पर काल कर आपको सहायता मिल सकती है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सरकार व प्रशासन आपकी सहायता के लिए अवश्य तत्पर है।

मगर इन हेल्पलाइन नंबरो पर कभी भी छोटी मोटी ऐसी समस्याओ के लिए काल न करे जो बिना पुलिस व प्रशासन के सहयोग के भी समाप्त हो सकती है। उन्होंने इन नंबरो पर आ रही कुछ ऐसे मामलो की जानकारी भी दी जिनका पुलिस व प्रशासन से कोई सरोकार नहीं था।

महिला उपनिरीक्षक रीनू चौधरी ने महिलाओ को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज पुलिस प्रशासन भी उनकी सुरक्षा व उनके प्रति हो रहे अपराधों को रोकने हेतु तत्पर है। उन्होंने भी सरल भाषा में महिलाओ को हेल्पलाइन नंबरो की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई और कहा कि इन नंबरो को नोट कर अपने पास हमेशा रखे ताकि जरूरत के समय सहायता ली जा सके।

उन्होंने बताया कि शिकायत लेकर थाने आने वाली महिलाओ के लिए अलग से महिला हेल्प डेस्क प्रत्येक थाने में शुरू की गयी है। जहाँ महिलाओ भी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा सुनी जाती है व उनका त्वरित निवारण भी किया जाता है।

कार्यक्रम में मौजूद रहे कोतवाल राधेश्याम,कस्बा इंचार्ज बबलू सिंह व महिला उप निरीक्षक रीनू चौधरी को डॉ एके दक्ष व उनकी पत्नी डॉ मनीषा दक्ष ने फूल माला पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को डॉ एके दक्ष व डॉ एके दक्ष पुत्री कनिका दक्ष,डॉ मनीषा दक्ष,सलीम सिद्दीकी,संजय शर्मा आदि ने भी सम्बोधित किया

कार्यक्रम में उपस्थित रही समाजसेविका निशा अग्रवाल, पत्रकार बधुओं आदि को भी आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया।अन्त में डॉ मनीषा दक्ष ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया।

बिजनौर की अन्य इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की खबरों को देखने के लिए आप हमारे यू टयूब चैनल bijnor express पर भी जुड़ सकते हैं लिंक नीचे मौजूद हैं!

नहटौर से हमारे संवाददाता मौहम्मद फैज़ान की यह रिपोर्ट

©Bijnor express

बिजनौर एक्सप्रेस के माध्यम से लाखो लोगो तक अपने व्यापार(Business), व्यक्तिगत छवि,चुनाव व व्यवसायिक उत्पाद(Products) प्रचार प्रसार हेतु संपर्क करें- 9193422330 | 9058837714

और पढ़ें

error: Content is protected !!